कैथल के बाबा लदाना गांव स्थित बाबा राजपुरी डेरे के महंत दूजपुरी पर एक और मामला दर्ज हुआ है। यह केस सदर थाना पुलिस ने नशे की बरामदगी के बाद दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, महंत के मंदिर स्थित कमरे की तलाशी में करीब 639 ग्राम सुल्फा मिला। बरामद सुल्फा की अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने महंत दूजपुरी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। हत्या के मामले में महंत पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब उसे इस मामले में प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। सदर थाना पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले डेरे के विश्राम गृह में एक साधु का शव मिला था। साधु के शरीर पर चोट के निशान थे और बाल उखड़े हुए पाए गए थे। जांच में महंत दूजपुरी समेत पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस के अनुसार, साधु की सिगरेट उठाने को लेकर हुए विवाद के बाद उसकी कथित तौर पर पिटाई की गई थी। अब पुलिस हत्या के साथ नशे से जुड़े इस नए मामले में भी महंत की भूमिका की जांच कर रही है।
Source: Source