हरियाणा के कैथल में थाना सदर पुलिस की टीम ने शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म करने, नशीला पदार्थ पिलाकर ज्यादती करने और जबरन गर्भपात कराने के गंभीर मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान नानकपुरी कॉलोनी, कैथल निवासी रोहित के रूप में हुई है।
पीड़ित महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी रोहित से उसकी मुलाकात वर्ष 2022 में हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच मोबाइल नंबर साझा हुए और बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ। आरोपी रोहित ने खुद को कुंवारा (अविवाहित) बताकर महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाया और जल्द शादी करने का झांसा देकर अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर भी दुष्कर्म किया। इसके बाद जब वह वर्ष 2023 में गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसका जबरन गर्भपात करवा दिया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी ले ली थीं, जिन्हें वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसका मानसिक और आर्थिक शोषण करता रहा। यह प्रताड़ना वर्ष 2025 तक लगातार चलती रही। इस बीच पीड़िता को भनक लगी कि आरोपी पहले से ही शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है। खुद के साथ हुए इस बड़े धोखे के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर थाना सदर में सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित को दबोच लिया और व्यापक पूछताछ के बाद उसे माननीय न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज दिया है।
Source: Source