कैंट के गांव बोह स्थित नगला रोड पर एक कुटिया में सो रहे बाबा पर हमला करने का मामला सामने आया है। घटना रात के समय नागा बाबा की कुटिया में हुई। पुलिस के अनुसार एक कथित नशेड़ी युवक करीब 10 फुट ऊंची दीवार पर लगे कांच को काटकर अंदर दाखिल हुआ। कुटिया में पहुंचते ही आरोपी ने सो रहे बाबा सिमरन दास पर हमला कर दिया। दीवार पार करते समय कांच लगने से आरोपी का हाथ भी घायल हो गया। बाबा की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने डायल 112 पर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया। घटना के बाद बाबा सिमरन दास का कैंट नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया गया। बाबा ने महेश नगर पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार ने कहा कि शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source