छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने पुराना बस स्टैंड क्षेत्र से एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा के मलखानगिरी जिले का निवासी लालू माडी (41) है। उसके पास से 7.130 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। यह गांजा नीले रंग के पिट्ठू बैग में खाकी टेप से लिपटे पैकेट में छुपाकर रखा गया था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बैग में गांजा लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 3.5 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने उसके पास से एक कीपैड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह गांजा कहाँ से लाया गया और किन-किन लोगों को सप्लाई करना था।
Source: Source