जींद जिले के उचाना में एसडीएम रमित यादव ने बिजली निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीओ सहित कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। लगभग 30 प्रतिशत स्टाफ के गैरहाजिर मिलने पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान हाजिरी रजिस्टर की जांच की गई और मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ भी की गई। एसडीएम ने सभी अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने बताया कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते। समाधान शिविरों में भी एसडीओ या प्रतिनिधि की अनुपस्थिति से समस्याएं बढ़ रही थीं। बिजली कनेक्शन और ट्यूबवेल से जुड़ी शिकायतों के निपटारे में देरी की बात भी सामने आई। एसडीएम ने कहा कि रिपोर्ट डीसी जींद को भेजी जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सुधार न होने पर उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
Source: Source