अमृतसर के मजीठा थाना क्षेत्र में पनग्रेन गोदाम से 357 गेहूं के कट्टे चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात 16 और 17 अगस्त की दरमियानी रात सोहियां कलां स्थित पंकज एग्रो वायर में हुई। आरोप है कि हथियारबंद बदमाश तेजधार हथियारों के साथ गोदाम में दाखिल हुए। बदमाशों ने वहां तैनात सुरक्षा गार्डों को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद सभी गार्डों को हथियारों के बल पर एक कमरे में बंद कर दिया गया। आरोपी पनग्रेन एजेंसी के गोदाम में घुसे और गेहूं के कट्टे वाहनों में लादकर फरार हो गए। रात करीब 2:24 बजे सुरक्षा गार्ड जसकरण सिंह ने घटना की जानकारी संबंधित अधिकारी को दी। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गोदाम की जांच की। गेहूं के कट्टों की गिनती करने पर 357 कट्टे गायब मिले। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान वारदात में कश्मीर सिंह निवासी वेरका और उसके कुछ साथियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने कश्मीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसके अन्य साथियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।
Source: Source