पंजाब कैडर की वरिष्ठ IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ जालंधर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) कार्यालय में पेश हुईं। उनसे मोहाली के कथित भूमि उपयोग परिवर्तन (CLU) घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ की जा रही है। ED ने उन्हें समन जारी कर प्रोजेक्ट की मंजूरी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी के लिए तलब किया था। मामला मोहाली के पल्हेरी गांव में सनटेक सिटी प्रोजेक्ट के लिए किसानों की जमीनों के कथित फर्जी सहमति पत्र तैयार करने और भूमि उपयोग बदलने में हुई अनियमितताओं से जुड़ा है। आरोप है कि किसानों की जमीन के लिए तैयार दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लगाए गए थे। वर्ष 2022 में मुल्लांपुर थाने में दर्ज पुलिस FIR को आधार बनाकर ED ने मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत जांच शुरू की। जांच के दौरान ED ने मोहाली और चंडीगढ़ में कई ठिकानों पर छापेमारी की और सनटेक सिटी के मुख्य प्रमोटर अजय सहगल को गिरफ्तार किया। अब इसी जांच के तहत IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ से पूछताछ की जा रही है।
Source: Source