3 जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सुजानपुर कस्बे में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। जिला पुलिस प्रमुख दलजिंदर सिंह ढिल्लों के निर्देश पर यह मार्च आयोजित किया गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व थाना प्रभारी अरुण कुमार और डीएसपी धारकलां राजेश कक्कड़ ने किया। इसकी शुरुआत पुल नंबर-5 से हुई और शहर के प्रमुख बाजारों व चौकों से होकर पुल नंबर-4 के पास समाप्त हुई। पुलिस बल ने विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी। डीएसपी राजेश कक्कड़ ने कहा कि यात्रा और शहर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों से किसी अज्ञात व्यक्ति का सामान अपने प्रतिष्ठान में न रखने की अपील की। संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया। अधिकारियों ने कहा कि समय रहते सूचना मिलने से किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है। जिला पुलिस को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रखा गया है। अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा के साथ जिले में शांति बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। फ्लैग मार्च में पुलिस के कई अधिकारी और जवान भी शामिल रहे।
Source: Source