अबोहर के मलोट रोड पर शुक्रवार दोपहर कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान ढाणी विशेषरनाथ निवासी दीपक के रूप में हुई है। दीपक मलोट रोड स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम करता है। बताया गया कि वह बाइक से शहर से मलोट रोड की ओर बहावलवासी जा रहा था। इसी दौरान मलोट की तरफ से आ रही एक कार से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीपक को कार के साथ करीब 8 मीटर तक घसीटे जाने की बात सामने आई है। हादसे में कार और बाइक दोनों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने 112 हेल्पलाइन और सड़क सुरक्षा फोर्स को सूचना दी। SSF की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल को एंबुलेंस से अबोहर सिविल अस्पताल पहुंचाया। दीपक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Source: Source