अबोहर के हनुमानगढ़ रोड स्थित मलूकपुरा माइनर नहर से मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान गांव बहादुरखेड़ा निवासी 25 वर्षीय सुखराज सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले लगभग 9 दिनों से लापता था। सुखराज सिंह मेहनत-मजदूरी करता था और एक बच्ची का पिता था। वह पिछले कुछ महीनों से मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज भी चल रहा था। इसी परेशानी के चलते करीब 9 दिन पहले वह गांव केराखेड़ा की नहर में कूद गया था। मृतक की बाइक नहर के किनारे मिली थी। परिजन उसे लगातार ढूंढ रहे थे। कल अबोहर के हनुमानगढ़ रोड नहर से युवक का शव मिलने की सूचना मिली। आज सोमवार को मृतक की पत्नी और अन्य परिजन अबोहर अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे और शव की पहचान सुखराज सिंह के रूप में की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर दोपहर बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है। परिजनों ने बताया कि सुखराज सिंह की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
Source: Source