अमृतसर | भारत-पाक सीमा से सटे अटारी इलाके में बीएसएफ ने संदिग्ध आईएसआई जासूस को काबू कर थाना घरिंडा पुलिस के हवाले किया है। आरोपी की पहचान जंडियाला गुरु निवासी पंजाब सिंह के रूप में हुई है। बीएसएफ की टीम ने आरोपी को शुक्रवार सुबह अटारी सेक्टर से हिरासत में लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमावर्ती अटारी सेक्टर के संवेदनशील क्षेत्रों की तस्वीरें और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी पाकिस्तान भेज रहा था। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और एक स्पाई कैमरा बरामद हुआ है। एजेंसियां अब मोबाइल डेटा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी के मोबाइल से कई अहम राज खुल सकते हैं और सीमा पार बैठे नेटवर्क से जुड़े सुराग भी मिल सकते हैं। थाना घरिंडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से संयुक्त पूछताछ की जा रही है। शनिवार को उसे अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कब से जासूसी गतिविधियों में शामिल था ।
Source: Source