कोरिया जिले में अंत्योदय राशन कार्डधारकों को मिलने वाली मासिक शक्कर का वितरण बंद कर दिया गया है। राज्य सरकार के निर्देश के बाद जुलाई 2026 से यह व्यवस्था लागू की गई है। जिले के हजारों गरीब परिवार इस फैसले से प्रभावित हुए हैं। जुलाई माह के राशन वितरण के दौरान उचित मूल्य दुकानों से अंत्योदय कार्डधारकों को शक्कर नहीं मिली। जिले के 20,727 अंत्योदय कार्डधारक इस सुविधा से वंचित रह गए। राशन दुकान संचालकों ने बताया कि शासन के आदेश के अनुसार शक्कर वितरण पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके अलावा जिले में चने के वितरण में भी अव्यवस्था सामने आई है। कई दुकानों तक जुलाई माह का चना समय पर नहीं पहुंच पाया। स्टॉक की कमी के कारण बड़ी संख्या में हितग्राहियों को चना नहीं मिल सका। इससे अंत्योदय, प्राथमिकता और अन्नपूर्णा राशन कार्ड के 89,919 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। हितग्राहियों ने सरकार से शक्कर वितरण बहाल करने और खाद्यान्न की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
Source: Source