जांजगीर-चांपा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। दर्जनभर से अधिक हितग्राहियों के मोबाइल पर योजना के तहत 1 लाख रुपए जमा होने का मैसेज आया है। यह मैसेज बेहद सटीकता से तैयार किया गया है, जिसमें हितग्राही का नाम, सही बैंक खाता संख्या और आधार लिंक होने की जानकारी दी गई है। हितग्राही जब बैंक पहुंचकर बैलेंस चेक कराते हैं तो उनके खाते में राशि शून्य पाई जाती है। ठगों ने हितग्राहियों का डेटा हैक करके यह फर्जी मैसेज भेजे हैं। इसका उद्देश्य लोगों को झांसे में लेकर ओटीपी या बैंक विवरण साझा करने को मजबूर करना है। प्रशासन ने लोगों से ऐसे झांसे में न आने की अपील की है। पुलिस ने साइबर सेल को मामले की जांच का निर्देश दिया है। हितग्राहियों में फर्जीवाड़े की आशंका को लेकर हड़कंप मचा हुआ है। सरकार ने कहा है कि आवास योजना के पैसे कभी इस तरह से नहीं भेजे जाते।
Source: Source