बलरामपुर से रामानुजगंज तक राष्ट्रीय राजमार्ग-343 के निर्माण में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। संगठनों ने उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता मानकों की गंभीर अनदेखी हो रही है। मिट्टी भराई, सबग्रेड निर्माण और डामरीकरण का काम निम्न स्तर का किया जा रहा है। इससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठ रहे हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि ठेकेदार पेटी कॉन्ट्रैक्ट के जरिए बिना तकनीकी मानकों के स्थानीय स्तर पर काम करा रहा है। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच नहीं हो रही है। कई स्थानों पर बिना उचित कम्पेक्शन और परीक्षण के कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर मिट्टी और मोरम का उपयोग हो रहा है, जिससे राजस्व हानि और पर्यावरणीय नुकसान हो रहा है। खराब सड़क स्थिति के कारण मरीजों, विद्यार्थियों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण एजेंसी नियमित पानी छिड़काव और सुरक्षा संकेतों की व्यवस्था भी नहीं कर रही है। एनएसयूआई नेता प्रतीक सिंह ने चेतावनी दी है कि सात दिनों में कार्रवाई न हुई तो ‘काम रोको आंदोलन’ और चक्काजाम किया जाएगा।
Source: Source