ड्राई फ्रूट कारोबारी से करीब 94 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। व्यापारिक संबंधों का फायदा उठाकर आरोपियों ने लाखों रुपए का माल उठाया, लेकिन भुगतान नहीं किया। मामले में थाना डिवीजन-6 की पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता दिव्यांश इंटरनेशनल मिल्लरगंज के मालिक संजीव सेठी निवासी सराभा नगर ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के साथ लंबे समय से कारोबारी संबंध थे। इसी भरोसे के चलते वह अलग-अलग समय पर बिना तुरंत भुगतान लिए ड्राई फ्रूट सप्लाई करते रहे। आरोप है कि धीरे-धीरे बकाया रकम 93 लाख 68 हजार 175 रुपए तक पहुंच गई। जब उन्होंने आरोपियों से भुगतान मांगा तो उन्होंने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। मामले की जांच के बाद थाना डिवीजन-6 की पुलिस ने आरोपी महेश चंद गुप्ता, अद्वितीय खडोलवाल और आयुष खडोलवाल के खिलाफ केस दर्ज किया।
Source: Source