हरियाणा के पलवल में 22 से 24 अक्टूबर तक हरियाणा केसरी अखाड़ा दंगल-2026 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में होगी। खेल विभाग हरियाणा की ओर से आयोजित इस दंगल में सीनियर वर्ग के पुरुष और महिला पहलवान हिस्सा लेंगे। खिलाड़ी अलग-अलग खिताबों के लिए अपनी ताकत और कौशल दिखाएंगे। जिला खेल अधिकारी खुशवंत सिंह के मुताबिक, हरियाणा केसरी के पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम स्थान पाने वाले पहलवान को 1.51 लाख रुपये दिए जाएंगे। दूसरे स्थान पर रहने वाले को एक लाख रुपये और तीसरे स्थान के विजेता को 51 हजार रुपये मिलेंगे। हरियाणा कुमार और हरियाणा कुमारी वर्ग के विजेताओं के लिए भी नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। इन वर्गों में पहला पुरस्कार एक लाख रुपये रखा गया है। दूसरे स्थान के लिए 51 हजार और तीसरे स्थान के लिए 31 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा अंडर-17 और अंडर-20 आयु वर्ग के पहलवानों के लिए भी प्रतियोगिता आयोजित होगी। यह दंगल 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक सोनीपत की स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में होगा। इन आयु वर्गों में प्रथम स्थान पाने वाले को 21 हजार रुपये मिलेंगे। दूसरे स्थान के लिए 11 हजार और तीसरे स्थान के लिए 5,100 रुपये का पुरस्कार निर्धारित है। जिला खेल अधिकारी ने खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की अपील की है।
Source: Source