पंजाब के गुरदासपुर जिले की कलानौर तहसील के गांव ढक्की स्थित बाबा कार स्टेडियम में क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया गया। पंचायत की ओर से कराए गए इस टूर्नामेंट में धारोवाली की टीम ने खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन सरपंच बलजीत कौर और समाजसेवी महिकप्रीत बाजवा ने किया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा बाबा कार जी के मुख्य सेवादार बाबा महल सिंह और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ युवा नेता तरन कलसी भी शामिल हुए। टूर्नामेंट में कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें कलानौर ए और बी, गुरदासपुर, अवांखा, धारोवाली और डेरा बाबा नानक की टीमें शामिल थीं। शानदार मुकाबलों के बाद अवांखा, डेरा बाबा नानक, धारोवाली और खुशीपुर की टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं। फाइनल मुकाबला धारोवाली और अवांखा के बीच खेला गया। धारोवाली की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। विजेता टीम को 25 हजार रुपये की नकद राशि दी गई। वहीं, उपविजेता अवांखा की टीम को 15 हजार रुपये का पुरस्कार मिला। आयोजकों के अनुसार, यह राशि सरपंच बलजीत कौर और महिक बाजवा ने अपनी कमाई से प्रदान की। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था। आयोजकों ने कहा कि गांव स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद करती हैं।
Source: Source