पंजाब पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की जालंधर रेंज ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फिरोजपुर जिले में उनके कब्जे से कुल 1 किलो 524 ग्राम हेरोइन बरामद की। एआईजी जगजीत सिंह के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई। जांच अधिकारी एसआई आकाशवीर सिंह की टीम ने 17 अक्टूबर 2026 को गांव अराईंवाला में द ग्रैंड मैरी विला के सामने नाकाबंदी के दौरान दोनों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह, निवासी बस्ती करीम वाला, मखू और अर्शदीप सिंह, निवासी मखू गेट चौक, फिरोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गुरप्रीत के पास से 1 किलो 18 ग्राम हेरोइन मिली, जबकि अर्शदीप के पास से 506 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी 12वीं पास हैं और खेती-बाड़ी का काम करते हैं। पुलिस के अनुसार, गुरप्रीत ने महंगे शौक पूरे करने और जल्दी अमीर बनने के लिए हेरोइन बेचने की बात कही। वहीं, अर्शदीप ने कथित तौर पर ज्यादा कमाई के लालच में अपने दोस्त के साथ इस धंधे में शामिल होने की बात स्वीकार की। ANTF ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
Source: Source