पंजाब के अमृतसर में रविवार रात एमजीएम होटल के बाहर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में तलवारों से हुए हमले के दौरान अमृतसर निवासी विक्की की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, विवाद बटाला के रहने वाले दो भाइयों और विक्की के बीच हुआ था। बताया गया है कि किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर तलवारों से वार किए गए। हमले में विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर फुटेज भी खंगाली। एसीपी रविंदर पाल सिंह ने बताया कि फुटेज में विक्की और बटाला निवासी दोनों भाइयों के बीच झगड़ा होता दिखाई दिया। पुलिस अब विवाद के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source: Source