चंडीगढ़ के सेक्टर-41 स्थित राधे मार्केट में गुरुवार रात दो नाबालिगों पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। इस हमले में 17 वर्षीय मोक्ष की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात करीब 10:30 बजे हुई, जब दोनों युवक मार्केट में बैठकर कुछ खा रहे थे। मार्केट के प्रधान नवनीत चावला के अनुसार, इस दौरान बाइक सवार युवकों का एक समूह आसपास चक्कर लगा रहा था। कुछ देर बाद एक दर्जन से ज्यादा हमलावर बाइक रोककर नीचे उतरे। इसके बाद उन्होंने दोनों नाबालिगों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से बाजार में मौजूद दुकानदारों में दहशत फैल गई। हमलावरों के हाथों में हथियार देखकर किसी की भी बीच-बचाव करने की हिम्मत नहीं हुई। दोनों युवकों पर लगातार वार किए गए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। हमले के बाद सभी आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, लेकिन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण दुकानदार उन्हें अपनी गाड़ी से सेक्टर-16 अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मोक्ष को मृत घोषित कर दिया। उसका दोस्त सूरज अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मोक्ष सेक्टर-41 का निवासी था, जबकि सूरज बढ़हेड़ी का रहने वाला है। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस बीट बॉक्स होने के बावजूद वारदात होने से इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल उठ रहे हैं।
Source: Source