पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर झोटा की हत्या से जुड़ा नया वीडियो सामने आया है। वीडियो में आरोपी केमिस्ट अश्विनी कुमार हाथ में पिस्टल लेकर अपनी दुकान से बाहर निकलता दिखाई देता है। इसके बाद वह बाहर खड़े परविंदर झोटा के पास पहुंचकर उन्हें पीछे से गोली मार देता है। घटना के दौरान आसपास कई लोग मौजूद थे, लेकिन आरोपी के हाथ में हथियार देखकर कोई उसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाया। यह झोटा हत्याकांड से जुड़ा तीसरा वीडियो बताया जा रहा है। इससे पहले सामने आए वीडियो में दुकान के भीतर हुई गोलीबारी और वारदात के बाद आरोपी के फरार होने की घटना दिखाई गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, यह नया वीडियो करीब 14 सेकेंड का है। इसमें गोली लगने के बाद झोटा दर्द से तड़पते दिखाई देते हैं और आगे की ओर भागते नजर आते हैं। वीडियो में आरोपी को दोबारा पिस्टल लोड करते हुए भी देखा जा सकता है। इस दौरान एक व्यक्ति आरोपी पर सामान से हमला करने की कोशिश करता है, लेकिन वह पिस्टल दिखाकर उसे भी डराता है। परविंदर झोटा की 13 अक्टूबर को हत्या कर दी गई थी। घटना से पहले झोटा फेसबुक पर लाइव थे और केमिस्ट से नशीले पदार्थ बेचने को लेकर सवाल कर रहे थे। लाइव वीडियो में दोनों के बीच बहस होती दिखाई देती है, जिसके बाद आरोपी गोली चला देता है। पुलिस जांच के अनुसार, झोटा को कुल तीन गोलियां लगी थीं, जिनमें दो पेट और एक दाईं जांघ में लगी थी। मानसा सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. गुरमेल सिंह के मुताबिक, लिवर में गोली लगने के कारण झोटा की जान नहीं बचाई जा सकी।
Source: Source