हरियाणा के पंचकूला में बंद किराये के मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात चोर मकान से सोने-चांदी के जेवरात और 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पीड़ित प्रदीप कुमार उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के रहने वाले हैं। वह फिलहाल पिंजौर के मॉडल टाउन स्थित मकान नंबर 205 B1 में किराये पर रहते हैं। प्रदीप अमरावत्ती की एक प्लेसमेंट कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने 6 अक्टूबर को मकान पर ताला लगाया और अपने पैतृक गांव चले गए थे। गांव में रहने के दौरान मकान मालिक ने उन्हें फोन कर चोरी की सूचना दी। इसके बाद प्रदीप पिंजौर लौटे और घर की जांच की। उन्हें मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले और अंदर अलमारी व बिस्तर का सामान बिखरा पड़ा था। घटना की शिकायत मिलने पर पिंजौर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत कार्रवाई शुरू की है। मामले की जांच एएसआई गोपाल चंद को सौंपी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
Source: Source