पंजाब के जालंधर स्थित सोढल इंडस्ट्री एरिया में शुक्रवार सुबह एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर घर के गेट से टकरा गई। हादसे के समय बस में करीब 10 बच्चे सवार थे, जिनमें से एक को मामूली चोट आई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर का गेट टूट गया और दीवारों में दरारें पड़ गईं। हादसे में स्कूल बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घर की मालकिन राजवंत कौर ने बताया कि दुर्घटना के समय वह घर के अंदर मौजूद थीं। अचानक तेज रफ्तार बस उनके घर के गेट से टकरा गई। घर के अंदर खड़ी कार इस हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चौराहे पर सामने आई तेज रफ्तार पिकअप को बचाने के प्रयास में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया। बस चालक शैली के मुताबिक, वह अंडरब्रिज से इंडस्ट्री एरिया की ओर जा रहे थे, तभी पिकअप सामने आ गई। चालक ने दावा किया कि बस की रफ्तार ज्यादा नहीं थी और ब्रेक लगाने के दौरान बस अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्कूल प्रबंधन ने दूसरी बस भेजी और बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाया गया। राजवंत कौर ने बताया कि इस चौराहे पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है। परिवार ने बस चालक के खिलाफ स्कूल प्रशासन से शिकायत की है और थाना नंबर-1 की पुलिस को भी घटना की सूचना दी है।
Source: Source