हरियाणा के करनाल में नई अनाज मंडी और नमस्ते चौक के बीच हाईवे पर देर रात i10 और क्रेटा कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में i10 सवार एक महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों वाहनों के पानीपत की तरफ से आने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, i10 चालक ने आगे चल रही क्रेटा को ओवरटेक करने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि i10 की रफ्तार तेज थी। ओवरटेक करते समय चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद i10 हाईवे पर कई बार पलटी और सड़क पर उलट गई। इस दौरान क्रेटा भी उसकी चपेट में आ गई और उसे नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने क्षतिग्रस्त कार में फंसे महिला और पुरुष को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। सब इंस्पेक्टर वेद प्रकाश ने बताया कि क्रेटा चालक मौके पर नहीं रुका और वहां से चला गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त i10 को हाईवे से हटवाकर चौकी पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source