हरियाणा के पानीपत में नहर बाईपास पर वार्ड-19 की गली नंबर-13 के खतरनाक मोड़ पर आखिरकार ब्रेकर बनाने का काम शुरू हो गया है। इस स्थान पर पिछले ढाई साल में आठ लोगों की मौत होने का दावा स्थानीय निवासी प्रमोद छिल्लर ने किया है। दैनिक भास्कर डिजिटल पर इस ब्लाइंड स्पॉट और यहां हो रहे हादसों का मुद्दा उठाए जाने के बाद मंगलवार को नगर निगम और पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। जेसीबी की मदद से ब्रेकर बनाने का काम शुरू कराया गया। वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए यहां रिफ्लेक्टर भी लगाए जाएंगे। सड़क सुरक्षा समिति के पदाधिकारी संदीप जिंदल ने इस समस्या को उठाते हुए जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। उनके अनुसार, उपायुक्त के आदेश पर संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं। नगर निगम की टीम ने आसपास सफाई कराई, जबकि पीडब्ल्यूडी ने निर्माण कार्य शुरू कराया। चार दिन पहले इसी मोड़ पर स्कूटी से स्कूल जा रही निजी स्कूल की महिला शिक्षक शीतल की स्कूल बस की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर सुरक्षा इंतजाम नहीं होने पर सवाल उठाए थे। यह मोड़ देशवाल चौक से जुड़ता है, जहां तेज रफ्तार वाहनों और सामने से आने वाले वाहनों का समय पर दिखाई न देना दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ाता है। प्रमोद छिल्लर ने मुख्यमंत्री विंडो पर भी शिकायत दर्ज कराई थी और आरोप लगाया था कि उन्हें आदतन शिकायतकर्ता बताकर शिकायत का निपटारा कर दिया गया। अब ब्रेकर और रिफ्लेक्टर लगाने की कार्रवाई से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यहां हादसों का खतरा कम होगा।
Source: Source