छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवरात्रि पर्व के दौरान बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बिजली वितरण कंपनी द्वारा घोषित और अघोषित कटौती के कारण उपभोक्ताओं को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को सरकंडा जोन में सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इस दौरान करीब साढ़े चार घंटे तक लोगों को बिजली नहीं मिली। कंपनी ने बिजली लाइनों और उपकरणों के रखरखाव के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई बंद करने की घोषणा की है। नवरात्रि के दौरान कटौती होने से स्थानीय लोग अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि रखरखाव का काम पर्व शुरू होने से पहले पूरा किया जाना चाहिए था। मंगलवार को 33/11 केवी कोनी सबस्टेशन में भी मरम्मत कार्य के चलते आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने की जानकारी दी गई। लोधीपारा, बनवारी लाल पारा, लक्ष्मी निवास, कलश आवास, शिवघाट और ललित पेट्रोल पंप के आसपास के इलाके इससे प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में शामिल हैं। इससे पहले सोमवार को नेहरू नगर जोन के कई इलाकों में भी बिजली बंद रही थी। जेपी विहार, नर्मदा नगर रोड और मुंदड़ा हॉस्पिटल के पास ट्रांसफार्मर का डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स बदलने के लिए करीब तीन घंटे बिजली आपूर्ति रोकी गई थी। गोलबाजार, मध्यनगरी चौक और ईदगाह चौक में भी सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली बंद रही। इससे पहले रविवार रात महाराणा प्रताप चौक और व्यापार विहार क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से सप्लाई बाधित हो गई थी। उपभोक्ताओं की शिकायतों के बावजूद रातभर बिजली बहाल नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। लगातार हो रही कटौती के कारण नवरात्रि के दौरान बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है।
Source: Source