जालंधर ग्रामीण पुलिस ने करतारपुर सब-डिवीजन में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। 23 सितंबर को करतारपुर, मकसूदां और लांबड़ा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। पुलिस ने पांच अलग-अलग FIR दर्ज कर कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 139 नशीली गोलियां और नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया। करतारपुर थाना क्षेत्र में दो मामलों में कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पहले मामले में पांच आरोपियों से 81 नशीली गोलियां बरामद हुईं। दूसरे मामले में चार आरोपियों से 58 नशीली गोलियां जब्त की गईं। मकसूदां थाना पुलिस ने दो FIR दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहां से लाइटर, सिल्वर फॉयल, 10 रुपये के नोट और नशीले पदार्थ से जुड़ा पैकेट बरामद किया गया। लांबड़ा थाना पुलिस ने भी एक FIR दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और सिल्वर फॉयल, लाइटर तथा नकदी बरामद की। पुलिस के अनुसार, करतारपुर सब-डिवीजन में नशे से प्रभावित चार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो मरीज लांबड़ा और दो मकसूदां थाना क्षेत्र से संबंधित हैं। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि नशे की बिक्री, सप्लाई और सेवन में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Source: Source