उत्तर प्रदेश के आगरा में रकाबगंज थाना क्षेत्र के रावली इलाके में पुलिस की दबिश के दौरान एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ललित के रूप में हुई है। पुलिस जुए के अड्डे की सूचना मिलने के बाद मौके पर कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान युवक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने ललित के साथ मारपीट की और उसे छत से नीचे फेंक दिया। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना से नाराज लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने कार्रवाई की है। डीसीपी सिटी के अनुसार, दो सिपाही शिवम राठी और आकाश शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच एसीपी छत्ता को सौंपी गई है। जांच के दौरान घटना की परिस्थितियों और पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जाएगी।
Source: Source