कैथल जिले के क्योड़क गांव में सरपंच की बहाली के बाद आयोजित कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। गांव के सरपंच जसबीर सिंह को कुछ दिन पहले पद से निलंबित किया गया था, लेकिन बाद में उन्हें बहाल कर दिया गया। बहाली की खुशी में गांव के खेल स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। सरपंच जसबीर सिंह ने पांच लोगों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। दूसरे पक्ष के बलदेव ने सरपंच समेत 11 लोगों पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। बलदेव के अनुसार, आरोपियों ने उन पर ईंटें बरसाकर चोटें पहुंचाईं। उन्होंने जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। दोनों पक्षों की शिकायतें मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने कुल 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग आरोपों की जांच की जा रही है। जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Source