साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 9.53 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया। आरोपी की पहचान रोहतक के डेयरी मोहल्ला निवासी गगनदीप के रूप में हुई है। कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय के डीसीपी फैसल खान के निर्देश पर की गई। साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक दर्शन सिंह के अनुसार उप निरीक्षक अनिल कुमार की टीम ने आरोपी को पकड़ा। बहादुरगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने ठगी को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 2025 में आरोपियों ने खुद को वित्तीय संस्थानों से जुड़ा बताकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। इस तरीके से पीड़ित से कुल 9,53,912 रुपये की ठगी की गई। जांच के दौरान बैंक रिकॉर्ड में सामने आया कि रकम जिस खाते में गई, वह गगनदीप के नाम पर था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपना बैंक खाता, पासबुक, एटीएम, पिन और सिम कार्ड सह-आरोपियों को उपलब्ध कराया था। जांच में चेक के जरिए 4.60 लाख रुपये निकालकर देने की बात भी सामने आई है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Source: Source