करनाल के निसिंग क्षेत्र में बस्तली नहर में डूबे पिता-पुत्र के शव दो दिन बाद बरामद किए गए। दोनों की पहचान गांव वीर बड़ालवा निवासी सतनाम और उनके 20 वर्षीय बेटे मानुष के रूप में हुई है। पिता-पुत्र खेत में फसल पर स्प्रे करने के लिए गए थे। स्प्रे की टंकी में पानी भरने के दौरान मानुष का पैर फिसल गया और वह नहर के गहरे पानी में गिर गया। बेटे को डूबता देखकर सतनाम ने उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। बताया गया कि सतनाम को तैरना नहीं आता था। नहर के तेज बहाव के कारण दोनों पानी में बह गए और लापता हो गए। हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने नहर में खोज अभियान शुरू किया। करीब दो दिन की तलाश के बाद दोनों के शव राजौंद गांव के पास नहर से बरामद हुए। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल छा गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। इसके बाद पिता-पुत्र का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों के अनुसार सतनाम और मानुष मजदूरी के साथ खेतों में फसल पर स्प्रे का काम भी करते थे।
Source: Source