कांगड़ा में कृषि भूमि खरीद से जुड़े एक मामले में विजिलेंस ने FIR दर्ज की है। आरोप है कि एक महिला ने कृषक प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए दूसरे व्यक्ति की पत्नी की पहचान अपनाई। SIT की छठी स्टेटस रिपोर्ट के आधार पर यह मामला सामने आया। जांच के अनुसार अनु गोयल ने 16 मई 2020 को खुद को राजेश कुमार की पत्नी बताकर कृषक प्रमाणपत्र हासिल किया था। राजेश कुमार ने जांच में बताया कि उनकी पत्नी का नाम अंजू देवी है और अनु गोयल उनकी पत्नी नहीं हैं। आरोप है कि इसी प्रमाणपत्र के आधार पर महाल कोहाला खास में कृषि भूमि खरीदी गई। इसके बाद उसी जमीन के आधार पर एक और कृषक प्रमाणपत्र हासिल करने का भी आरोप है। 4 मई 2023 को महाल पतारकर क्षेत्र में अतिरिक्त कृषि भूमि खरीदने का मामला भी जांच में सामने आया। विजिलेंस अब जमीन खरीद में इस्तेमाल हुए धन के स्रोत की भी जांच कर रही है। FIR के अनुसार जमीन की रकम मैसर्स ए वोन सेल्स इंडिया के बैंक खाते से चेक और नकद के जरिए दी गई थी। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि प्रमाणपत्र, राजस्व रिकॉर्ड और जमीन की रजिस्ट्री तैयार करने में किन लोगों की भूमिका थी। SIT की जांच में इससे पहले भी संदिग्ध बेनामी जमीन सौदे से संबंधित FIR दर्ज हो चुकी है। विजिलेंस अब कृषक प्रमाणपत्र, राजस्व रिकॉर्ड, रजिस्ट्री और बैंक लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है।
Source: Source