अमृतसर में दिशा समिति की बैठक के दौरान सांसद गुरजीत सिंह औजला ने अजनाला में जलभराव को लेकर अधिकारियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गुरदासपुर से बिना सूचना दिए गेट खोलने के कारण अजनाला के कई गांवों के खेत अचानक पानी में डूब गए थे। औजला ने ड्रेनेज विभाग को भविष्य में गेट खोलने से पहले डीसी की मंजूरी लेना अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालों की केवल ऊपरी सफाई के बजाय पूरी गहराई तक सफाई कराने पर जोर दिया। सक्की नाले पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए पंचायतों की मदद लेने को कहा गया। तुंग ढाब ड्रेन, भगतांवाला नाला और मानांवाला क्षेत्र के नए नाले के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बाढ़ प्रभावित किसानों को गेहूं उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस और पीडब्ल्यूडी को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। न्यू अमृतसर, वल्ला बाईपास पुल, रिंग रोड, एलिवेटेड रोड और नेशनल हाईवे से जुड़े लंबित प्रोजेक्ट समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने बीआरटीएस परियोजना को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के बंद किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था के लिए ठोस ट्रांजिशन प्लान बनाने की जरूरत बताई। अमृतसर में सफाई व्यवस्था सुधारने और अवैध कब्जे हटाने पर भी जोर दिया गया। दूध, पनीर और मिठाइयों में मिलावट रोकने के लिए सैंपलिंग अभियान तेज करने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
Source: Source