अमृतसर देहात पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अजनाला थाना क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकाशदीप सिंह उर्फ अकाश और जशनदीप सिंह उर्फ गोजी के रूप में हुई है। दोनों अजनाला के वार्ड नंबर 2 के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 32 बोर की एक पिस्टल, मैगजीन और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से 170 ग्राम हेरोइन भी बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पर पाकिस्तान से हथियार मंगवाकर पंजाब के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने का संदेह है। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने इलाके में कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की जांच ड्रग डिटेक्शन किट से की गई। मामले में अजनाला थाने में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से हथियार और नशे की खेप के स्रोत के बारे में पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां संभावित पाकिस्तान कनेक्शन और सप्लाई नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही हैं। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।
Source: Source