जालंधर के वर्कशॉप चौक के पास सुबह करीब 3:25 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार बलेनो कार और छोटे हाथी के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे में छोटे हाथी पर सवार प्रिया टेंट हाउस के मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में लक्की की रीढ़ की हड्डी और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। उसका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद कार चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पीड़ित परिवार ने कार चालक पक्ष पर अस्पताल में धमकाने का आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि इलाज का खर्च उठाने से भी इनकार किया गया। परिजनों ने थाना नंबर 2 में हुए कथित समझौते पर भी आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि घायलों के परिवार की सहमति के बिना समझौता किया गया। परिवार ने पुलिस और जिला प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही घायलों के इलाज के लिए आर्थिक मदद उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है।
Source: Source