पानीपत पुलिस की सीआईए थ्री टीम ने चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव कुराड़ निवासी शाहरूख के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे समालखा के सनौली रोड पर नाकाबंदी के दौरान पकड़ा। पुलिस को गश्त के दौरान संदिग्ध युवक के बाइक से आने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने कुराड़ गांव के पास ओम धर्म कांटा पर नाकाबंदी की। पुलिस ने बाइक सवार युवक को रोककर दस्तावेज दिखाने के लिए कहा। युवक बाइक के कागजात को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पूछताछ में उसने बाइक चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि उसे बाइक चलाने का शौक है और इसी शौक को पूरा करने के लिए उसने चोरी की। उसके अनुसार, उसने 24 मार्च को अतौलापुर गांव के खेतों से बाइक चुराई थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। इस मामले में थाना बापौली में पहले से केस दर्ज है। शनिवार को पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर शाहरूख को जेल भेज दिया गया।
Source: Source