कांगड़ा के भलेड इलाके में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज बारिश के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चनैना गांव निवासी अमित कुमार, रोहित शर्मा और पंकज कुमार के रूप में हुई है। तीनों शुक्रवार को दूली गांव के मेले में गए थे। देर रात घर लौटते समय भलेड के पास तीखे मोड़ पर हादसा हुआ। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन और कम दृश्यता को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद तीनों युवक रातभर खाई में पड़े रहे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे टूटी झाड़ियां और नीचे गिरी बाइक देखकर हादसे का पता लगाया। ग्रामीणों ने तीनों को खाई से बाहर निकालकर शाहपुर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीनों युवक अपने परिवारों के कमाऊ सदस्य थे, जिससे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
Source: Source