अमृतसर में बाढ़ से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग को लेकर किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के नेतृत्व में किसानों ने डीसी कार्यालय का घेराव किया। किसान पहले से डीसी कार्यालय के बाहर पक्का मोर्चा लगाए हुए हैं। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी किसान कार्यालय की ओर बढ़े। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी। आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान किसानों और पुलिस के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में धक्कामुक्की की स्थिति बन गई। किसानों ने बैरिकेडिंग हटाकर डीसी कार्यालय परिसर में प्रवेश कर लिया। धक्कामुक्की के दौरान एक किसान की पगड़ी भी उतर गई। किसानों का कहना है कि हालिया बाढ़ से उनकी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कई क्षेत्रों में खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद होने के साथ जमीन और संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। किसान सरकार से प्रभावित लोगों के लिए जल्द उचित मुआवजा जारी करने की मांग कर रहे हैं। किसान नेताओं ने कहा कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Source: Source