हिसार में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने सूर्य नगर निवासी प्रवीन को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल डंडा भी बरामद किया। मामला 17 अगस्त 2026 को हुई घटना से जुड़ा है। गांव छान बरवाला निवासी अमन परिवार और दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने होटल गया था। इसी दौरान उसके चचेरे भाई अंकित ने एक व्यक्ति से हुई बहस की जानकारी दी। इसके बाद अमन ने राजली निवासी प्रदीप से फोन पर बात की। आरोप है कि प्रदीप ने अमन को होटल डेज इन के पास बातचीत के लिए बुलाया। शिकायत के मुताबिक, वहां प्रदीप अपने साथियों और कुछ अन्य युवकों के साथ लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और अन्य हथियार लेकर मौजूद था। विवाद बढ़ने पर अमन और उसके दोस्त सोनू पर हमला किया गया, जिसमें दोनों घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे अंकित और कौशल के साथ भी मारपीट का आरोप है। आरोपियों ने उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रवीन को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े बाकी पहलुओं की जांच कर रही है।
Source: Source