गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्रा के पास राहगीर का रास्ता रोककर मारपीट, जान से मारने की धमकी, वाहन में तोड़फोड़, मोबाइल लूट के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में शामिल चार विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक ग्राम चिल्हाती, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर निवासी रोहित कुमार यादव ने रविवार को गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दी। उसने बताया कि शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे वह अपने वाहन से धमतरी की ओर जा रहा था। ग्राम कुर्रा के पास करीब 9 लोगों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज हुई। चाकू, डंडे, हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने वाहन में तोड़फोड़ की। करीब 16 हजार रुपए का नुकसान हुआ। मोबाइल फोन भी लूट लिया गया। पुलिस ने अपराध दर्ज कर सागर साहू 22, गोबरा बस्ती, चंदन यादव 19, शीतलापारा नवापारा, टीकम साहू 19, तर्री, मुकेश नगराची 19, शीतलापारा नवापारा, घनश्याम निषाद 19, खेलीपारा नवापारा को गिरफ्तार किया है। विवेचना में पुलिस ने आरोपियों से घटना में इस्तेमाल चाकू, डंडे, लूटे मोबाइल को लेकर पूछताछ की। जरूरी वैधानिक कार्रवाई की गई। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
Source: Source