कुकदूर थाना क्षेत्र में चोरी के दो मामलों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में नेउर निवासी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपी ने ढेपरापानी की समियाबाई बैगा और छींदीडीह की फूलेश्वरी बाई बैगा के घर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से करीब 2.50 लाख रुपए का चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बाइक से वनांचल के गांवों में घूमकर पहले घरों की रेकी करता था। वह देखता था कि खेती-किसानी के लिए किन घरों के लोग बाहर गए हैं। घर सूना मिलने की पुष्टि के बाद वह मौका देखकर दोबारा वहां पहुंचता था। इसके बाद घर में घुसकर अलमारी और बक्से में रखे चांदी के जेवर चोरी कर लेता था। आरोपी बाइक क्रमांक सीजी 09 जेटी 9476 से गांवों में घूमता था। वह पहले चिन्हित किए गए घरों पर खेती के समय दोबारा नजर रखता था। दो घरों से चोरी करने के बाद आरोपी जेवर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने बरामद सामान और चोरी की घटनाओं के संबंध में आरोपी से पूछताछ की।
Source: Source