पुलिस आरक्षक भर्ती की वेटिंग लिस्ट में शामिल अभ्यर्थी नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। 1600 से अधिक पद खाली होने के बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं मिली है। दूसरी वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थी नियुक्ति दिए जाने की मांग कर रहे हैं। 100 से अधिक युवक-युवतियां पिछले नौ दिनों से डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा के कैंप कार्यालय के सामने डटे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि रिक्त पद होने के बावजूद नियुक्ति में देरी से उनका इंतजार बढ़ता जा रहा है। लंबे समय से जारी धरने के कारण अभ्यर्थियों का सब्र अब जवाब देने लगा है। उन्होंने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की है। मामले को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा ने अभ्यर्थियों को प्रस्ताव कैबिनेट में रखने का आश्वासन दिया है। सरकार के इस कदम से वेटिंग लिस्ट के उम्मीदवारों को नियुक्ति की उम्मीद जगी है। अब सभी की नजर कैबिनेट में प्रस्ताव रखे जाने और उस पर होने वाले फैसले पर है। नियुक्ति को लेकर अंतिम निर्णय कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।
Source: Source