रायपुर में गर्लफ्रेंड को रोकने के लिए कार के बोनट पर चढ़े युवक की गिरने से मौत हो गई। घटना आमानाका थाना क्षेत्र में हुई। मृतक की पहचान टाटीबंध की उदया सोसायटी निवासी कारोबारी परमप्रीत सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि गर्लफ्रेंड को उसके दोस्त भरत मंगनानी के साथ देखकर परमप्रीत का विवाद हुआ था। विवाद के बाद युवती भरत के साथ कार से जाने लगी। परमप्रीत ने कार को टक्कर मारने के बाद उसके बोनट पर चढ़कर युवती से नीचे उतरने को कहा। आरोप है कि भरत ने इसके बाद कार आगे बढ़ा दी। कार करीब 200 मीटर तक चलती रही, जिसके बाद परमप्रीत सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए हैं। घायल परमप्रीत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार चालक भरत मंगनानी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के तीन दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमों की दबिश जारी है।
Source: Source