सरगुजा के सीतापुर में ज्वेलरी कारोबारी से एक करोड़ रुपये से अधिक के जेवर चोरी होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ओडिशा के गंजाम इलाके से लूटी गई ज्वेलरी बरामद की है। 26 जुलाई को काशी ज्वेलर्स के संचालक अरुण कुमार सोनी दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने सोने-चांदी से भरा बैग अपनी स्कूटी पर लटका रखा था। इसी दौरान अज्ञात आरोपी स्कूटी से बैग निकालकर फरार हो गया था। बैग में 800 ग्राम से अधिक सोने और करीब ढाई किलो चांदी के जेवर होने की जानकारी दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज में वारदात में चार आरोपियों के शामिल होने की बात सामने आई थी। आरोपी दो बाइक से मौके से फरार हुए थे। जांच में गिरोह के ओडिशा से जुड़े होने का पता चला। पुलिस की विशेष टीमें लगातार ओडिशा में आरोपियों की तलाश कर रही थीं। परिवार से बरामद जेवर की तस्वीरों के जरिए पहचान भी कराई गई है। आरोपी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल मामले का विस्तृत खुलासा प्रेस कॉन्फ्रेंस में करेंगे।
Source: Source