करनाल शहर में बिजली निगम की महिला क्लर्क की हत्या के मामले में नए मोड़ सामने आ रहे है। मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी अभी अस्पताल में भर्ती है और 25 मई को उसे छुट्टी मिलने की संभावना है। इसके बाद पुलिस उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करेगी और रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी। सूत्रों की माने तो हत्या की साजिश विदेश में बैठे एक युवक ने रची। जिससे पूरे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। ऑस्ट्रेलिया में बैठा मास्टरमाइंड, पड़ोसी का बेटा निकला आरोपी विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड पड़ोसी इंद्रपाल का बेटा विकास उर्फ विक्की मेहला है, जो ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में पीआर है और वही रह रहा है। माना जा रहा है कि उसी के कहने पर शूटर ने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि इस साजिश के पीछे असली कारण क्या था, इसका खुलासा विकास की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा। पुलिस फिलहाल इस एंगल पर भी जांच कर रही है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। 15 मई को दिनदहाड़े मारी गई थी गोली सेक्टर-9 निवासी डिंपल अरोड़ा की 15 मई को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह रोज की तरह अपने ऑफिस से दोपहर में खाना खाने घर आई थीं। जैसे ही वह घर के बाहर अपनी स्कूटी लॉक कर रही थीं, तभी हेलमेट पहने एक युवक बाइक पर आया और उनके सिर में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। डिंपल अरोड़ा के परिवार में पति विमल अरोड़ा, दो बेटियां दीया और गुनगुन तथा एक बेटा देवांश है। दीया कनाडा में रहती है। घटना के बाद परिवार ने बताया था कि उनकी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं थी। पार्किंग विवाद बना हत्या की वजह सूत्रों की माने तो इस हत्याकांड की जड़ एक पुराना पार्किंग विवाद हो सकता है। डिंपल अरोड़ा के पड़ोसी इंद्रपाल ने अपने घर के बाहर पिल्लर लगवा दिए थे, ताकि वहां कोई वाहन पार्क न कर सके। इस बात का डिंपल के परिवार ने विरोध किया था और कहा था कि सरकारी जगह पर इस तरह कब्जा नहीं किया जा सकता। इस विवाद ने धीरे-धीरे बड़ा रूप ले लिया और दोनों परिवारों के बीच करीब 200 शिकायतें अलग-अलग विभागों में दी गईं। इनमें पुलिस, हुड्डा विभाग, डीसी और एसपी कार्यालय के साथ-साथ सीएम विंडो तक शिकायतें पहुंचीं। बावजूद इसके, कोई भी अधिकारी दोनों पक्षों में समझौता नहीं करवा सका। पिता की मौत के बाद बढ़ी रंजिश इसी दौरान इंद्रपाल की हार्ट अटैक से मौत हो गई। सूत्रों के मुताबिक इंद्रपाल के बेटे विकास उर्फ विक्की मेहला ने यह मान लिया था कि उसके पिता की मौत के पीछे डिंपल अरोड़ा द्वारा दी गई मानसिक प्रताड़ना जिम्मेदार है। इसी सोच के चलते उसने बदला लेने की योजना बनाई और हत्या की साजिश रची। विदेश में हुई शूटर से मुलाकात, बनाई प्लानिंग सूत्रों के मुताबिक, विकास मेहला का संपर्क कुरुक्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी शूटर विकास उर्फ संजू से हुआ। इसके बाद संजू बैंकॉक पहुंचा, जहां उसकी मुलाकात विकास मेहला से हुई। वहीं दोनों के बीच हत्या की पूरी साजिश तैयार की गई। भारत लौटने के बाद शूटर ने डिंपल अरोड़ा के घर की कई बार रेकी की। उसने उनके आने-जाने का समय नोट किया और सही मौके का इंतजार किया। 15 मई को भी वह करीब एक घंटे पहले इलाके में घूमता रहा और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दे दिया। शूटर को दिलवाई गई पुरानी बाइक जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने के लिए विकास मेहला ने ही शूटर संजू को एक पुरानी बाइक दिलवाई थी, ताकि वह आसानी से भाग सके और पहचान से बच सके। पुलिस इस कड़ी को भी गंभीरता से खंगाल रही है। 17 मई को मुठभेड़ में पकड़ा आरोपी घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 17 मई की रात मुठभेड़ के दौरान आरोपी विकास उर्फ संजू को गिरफ्तार कर लिया। वह कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र के गांव सलेमपुर का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह पहले भी हत्या के मामले में 20 साल की सजा काट चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद वह फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि आरोपी हाल ही में थाईलैंड से भारत लौटा था और लौटते ही इस वारदात को अंजाम दिया। रिमांड में होगी पूछताछ मुठभेड़ के दौरान घायल हुए आरोपी का अभी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 25 मई को उसे छुट्टी मिल सकती है। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान ही पूरे नेटवर्क और साजिश से जुड़े अन्य लोगों के बारे में खुलासा होने की उम्मीद है। बच्चों ने उठाए सवाल, जताया डर 23 मई को डिंपल अरोड़ा के बेटे देवांश और बेटी गुनगुन मीडिया के सामने आए और उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी भी शक है कि असली शूटर पकड़ा नहीं गया है। उनका कहना है कि जिस व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उसे लेकर उन्हें संदेह है। दोनों बच्चों ने कहा कि वे घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं, क्योंकि उन्हें आशंका है कि शूटर अभी भी बाहर हो सकता है और उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। विदेश में बैठे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग परिवार ने यह भी कहा कि इस पूरी साजिश के पीछे जो व्यक्ति है, वह ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में बैठा हुआ है। उन्होंने उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल भी देखी है और बताया कि उसने हाल ही में अपना जन्मदिन मनाया था। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि विदेश में बैठे आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर भारत लाया जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके। पुलिस बोलीं- हर एंगल से हो रही जांच मामले की जांच कर रही सीआईए-1 टीम के इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने कहा कि 25 मई को आरोपी के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। संदीप कुमार के अनुसार पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और इसमें शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
: Source