उत्तर छत्तीसगढ़ में लंबे इंतजार के बाद मानसून सक्रिय हो गया है। सरगुजा संभाग के कई इलाकों में पिछले दो दिनों से अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मंगलवार शाम से पूरे संभाग में तेज बारिश हुई, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। कई जगह पुलियों और रपटों के ऊपर से पानी बहने लगा है। सीतापुर क्षेत्र में बाढ़ के पानी में एक ट्रैक्टर फंस गया, जिसके बाद चालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। सरगुजा संभाग में अब तक बारिश की कमी थी और जिले में औसत से 58 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई थी। अब लगातार हो रही बारिश से कई ग्रामीण मार्गों पर आवागमन प्रभावित हुआ है। सूरजपुर और सरगुजा जिले के कई क्षेत्रों में पुलों के ऊपर पानी बहने से लोगों को परेशानी हो रही है। अंबिकापुर में पिछले 24 घंटे में 102 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश की संभावना जताई है। बादलों से घिरा मैनपाट क्षेत्र पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
Source: Source