रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया के जरिए साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने स्नैपचैट पर युवती बनकर फर्जी पहचान बनाई। उसने प्रेम संबंध का झांसा देकर बिलासपुर के 23 वर्षीय युवक का विश्वास जीत लिया। बातचीत के दौरान आरोपी ने विभिन्न बहानों से पीड़ित से ऑनलाइन पैसे मंगवाए। पीड़ित ने अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से करीब 65 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। आरोपी की पहचान और लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने और बिना सत्यापन के धनराशि भेजने से बचने की अपील की है।
Source: Source