हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली औद्योगिक क्षेत्र में गैस चूल्हे, मिक्सी और किचन चिमनी बनाने वाली एक फैक्ट्री में शुक्रवार शाम भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फैक्ट्री की छत से उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए कुंडली, राई, खरखौदा, गन्नौर, एजुकेशन सिटी और दिल्ली के नरेला से 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। फैक्ट्री प्रबंधन ने समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री की टिन शेड वाली छत पर रखा सामान आग की चपेट में आया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग से फैक्ट्री की छत और वहां रखा सामान सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Source: Source