हरियाणा के हिसार शहर को जाम मुक्त और आधुनिक बनाने के लिए बड़ी योजना को मंजूरी मिली है। लक्ष्मी बाई चौक से टाउन पार्क तक सड़क को 6-लेन बनाने की परियोजना के लिए करीब 30 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। सभी संबंधित विभागों से एनओसी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग जल्द ही इसका टेंडर जारी करेगा। यह जानकारी शहर में यातायात सुधार को लेकर हुई विशेष समिति की बैठक में दी गई। बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं के टेंडर हो चुके हैं, उन पर जल्द काम शुरू किया जाए। इसके अलावा पुराने पुल के पुनर्निर्माण और रेड स्क्वेयर मार्केट के लिए अंडरपास बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई। रेलवे से परियोजना की 3D प्रेजेंटेशन तैयार करने को कहा गया है। शहर में बाईपास कनेक्टिविटी, पुल निर्माण, रोटरी और अन्य सड़क चौड़ीकरण योजनाओं को भी गति देने की तैयारी है। सिरसा-दिल्ली चुंगी पर फ्लाईओवर और सेक्टर-27 में अंडरपास निर्माण जैसी योजनाओं पर भी काम आगे बढ़ाया जाएगा।
Source: Source