बिलासपुर जिले में तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से स्कूटी सवार दो दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पचपेड़ी थाना क्षेत्र के बिनौरी मोड़ के पास हुआ। दोनों दोस्त परिवार में होने वाली शादी के लिए टीवी खरीदने मल्हार जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे हाईवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों स्कूटी सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और डायल-112 को सूचना दी। घायलों को पहले मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान बरन भानु की मौत हो गई। उनके साथी बंशी श्रीवास की हालत गंभीर बनी हुई है और उपचार जारी है। दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
Source: Source